विभिन्न समस्याओं को लेकर खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन का धरना, प्रशासन

विभिन्न समस्याओं को लेकर खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन का धरना, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप भूमि विवाद, उत्पीड़न, आवास, बिजली, स्वास्थ्य और रोजगार समेत कई मुद्दों पर की कार्रवाई की मांग गाजीपुर। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने भूमि विवाद, कथित उत्पीड़न, आवास, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार तथा गरीबों से जुड़े अन्य मुद्दों को उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और समस्याओं के समाधान की मांग की।यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कई गांवों में भूमि संबंधी विवादों, आबादी की जमीन पर कब्जे, कथित उत्पीड़न तथा गरीब और कमजोर वर्गों की शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि वनवासी, दलित, अल्पसंख्यक, अति पिछड़े और अन्य गरीब परिवारों को आवास, खेती योग्य भूमि, श्रम कार्ड, अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।धरना-प्रदर्शन के दौरान विभिन्न गांवों के कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए उनकी निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही हाल में हुए होटल व्यवसायी हत्याकांड और कमलेश बिंद मुठभेड़ प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई गई।धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के अध्यक्ष रामअवध और मंत्री वीरेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।धरना-प्रदर्शन में रविन्द्र, संजय विश्वकर्मा, अनिता देवी, पिन्टू, सुरेन्द्र, पूनम देवी, वी.वी. सिंह, रामअवध चौजा, धनमंती, उमाशंकर, राजनाथ, रामसेवक, शामू, रेखा, श्रीराम, संतोष, तुफानी गौड़, उमराव (पूर्व प्रधान), सुनील सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।