पदुमपुर रामराय में 30 अक्टूबर से होगा दुर्लभ सत्संग ऋषिकेश के स्वामी

पदुमपुर रामराय में 30 अक्टूबर से होगा दुर्लभ सत्संग ऋषिकेश के स्वामी विजयानन्द गिरि जी महाराज करेंगे प्रवचन, सात दिवसीय आयोजन में निकलेगी कलश यात्रा जखनियां (गाजीपुर)। तहसील जखनियां क्षेत्र के पदुमपुर रामराय गांव में 30 अक्टूबर से पांच नवंबर 2026 तक सात दिवसीय दुर्लभ सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसमें ऋषिकेश के श्रद्धेय स्वामी श्री विजयानन्द गिरि जी महाराज श्रद्धालुओं को प्रवचन के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करेंगे। आयोजन के तहत 30 अक्टूबर को सुबह सात बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक सत्संग और प्रवचन का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का आयोजन गांव स्थित काली माता मंदिर और हॉकी ग्राउंड में किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सत्संग में श्रद्धापूर्वक शामिल होने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि सत्संग में भाग लेने के अतिरिक्त किसी प्रकार की भेंट या धनराशि न चढ़ाएं। संत के चरण स्पर्श करने, फोटो लेने और माला पहनाने की भी मनाही रहेगी। आरती के दौरान रुपये-पैसे चढ़ाने से भी श्रद्धालुओं को परहेज करने की सलाह दी गई है। आयोजकों के अनुसार, सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर होंगे। इसलिए श्रद्धालुओं से समय से पहले आयोजन स्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है। सत्संग स्थल पर गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित धार्मिक पुस्तकों का स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहां श्रद्धालु पुस्तकें प्राप्त कर सकेंगे। इस धार्मिक आयोजन के निवेदक समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सत्संग का लाभ लेने की अपील की है।