खजनी में सनसनी: पति ने पत्नी की फावड़े से काटकर हत्या की, खुद पुलिस को दी सूचना

ख़जनी पुलिस आरोपी की हिरासत में लिया ,परिवार में कोहराम मृतक के पुत्र व पुत्री खजनी गोरखपुर गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र ग्राम सभा डोडो से अटैच गांव धाधुपर अड़रिया टोला में मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 35 वर्षीय नीलम निषाद की उनके ही पति अशोक निषाद (40) ने कथित रूप से फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, अशोक निषाद पुत्र तूफानी निषाद का देर रात किसी बात को लेकर पत्नी नीलम से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने फावड़े से वार कर दिया। हमले में नीलम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वार बेहद घातक था। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खजनी थाना प्रभारी जयन्त कुमार सिंह मैय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। हालांकि आरोपी के भाई भगेलू ने पुलिस को बताया कि रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद अशोक ने फावड़े से हमला कर दिया। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है और पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि को खंगाला जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका नीलम निषाद अपने पीछे 15 वर्षीय पुत्र सूरज और 12 वर्षीय पुत्री सृष्टि को छोड़ गई हैं। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार दंपति के बीच पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना भयावह रूप ले लेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।