बेलघाट जाते समय युवक पर हमला, सिर में गंभीर चोट; मेडिकल कॉलेज

बेलघाट जाते समय युवक पर हमला, सिर में गंभीर चोट; मेडिकल कॉलेज रेफर बेलघाट बांसगांव संदेश जनपद गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहारी गांव निवासी एक व्यक्ति पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वह किसी कार्य से बेलघाट जा रहा था। घटना बिस्तुईया गांव के पास की बताई जा रही है, जहां पहले से घात लगाए कुछ युवकों ने रास्ते में उसे घेर लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति गंभीर बनी रहने पर चिकित्सकों ने घायल को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पीड़ित की हालत को देखते हुए परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हमलावरों की पहचान एवं घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच-पड़ताल जारी है