अनुज राजपूत ने भाजपा छोड़ी, दर्जनों सहयोगियों के साथ बीएसपी में हुए शामिल

मौदहा (हमीरपुर)। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में दल बदल की राजनीति भी खुलकर सामने आने लगी है, जहां स्थानीय नेता अपने समर्थकों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों का रुख कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार विवांर क्षेत्र से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य अनुज राजपूत ने भारतीय जनता पार्टी को छोड़ते हुए दर्जनों सहयोगियों के साथ बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह जानकारी बीएसपी जिलाध्यक्ष छोटेलाल अहिरवार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई। बताया गया कि अनुज राजपूत अपने समर्थकों के साथ लखनऊ स्थित बहुजन समाज पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती से भेंट की। अनुज राजपूत ने बीएसपी की नीतियों, सिद्धांतों एवं जनहितकारी कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने की बात कही। उनके बीएसपी में शामिल होने से क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है, वहीं अन्य लोगों के भी बहुजन समाज पार्टी से जुड़ने का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ता दिखाई दे रहा है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावों के दृष्टिगत बीएसपी के लिए एक महत्वपूर्ण मजबूती के रूप में देख रहे हैं।