जिलाधिकारी ने कोषागार के डबल लॉक कक्ष का किया वार्षिक निरीक्षण। अभिलेखों

जिलाधिकारी ने कोषागार के डबल लॉक कक्ष का किया वार्षिक निरीक्षण। अभिलेखों एवं पंजिकाओं का किया मिलान, पेंशन प्रकरणों की भी ली जानकारी। देवरिया 30 सितंबर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज प्रातः 9:45 बजे जिला कोषागार का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोषागार के डबल लॉक कक्ष में रखे अभिलेखों, पंजिकाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का निरीक्षण कर उनके रख-रखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अभिलेखों एवं पंजिकाओं का मिलान एवं सत्यापन भी किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंगल लॉक एवं डबल लॉक में रखी सामग्री, स्टांप, पर्चियों तथा ट्रेजरी में सुरक्षित रखे जाने वाले सीज्ड एवं सील्ड आइटम्स की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि सभी महत्वपूर्ण सामग्री एवं अभिलेख निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से रखे गए हैं या नहीं। डबल लॉक कक्ष के अंतर्गत रखी सभी संबंधित पंजिकाओं एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके रख-रखाव एवं दर्ज विवरण का सत्यापन किया गया। जिलाधिकारी ने पेंशनर्स से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने पेंशन प्राप्त करने में आ रही समस्याओं, लाइफ सर्टिफिकेट के अपडेट तथा पेंशन से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी ली। इसके साथ ही 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनधारकों को देय अतिरिक्त पेंशन लाभ से संबंधित प्रकरणों का भी गहन परीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र पेंशनधारकों को नियमानुसार देय लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए तथा पेंशन से संबंधित प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कोषागार में रखे सभी अभिलेखों एवं पंजिकाओं का रख-रखाव व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से किया जाए। अभिलेखों में आवश्यक प्रविष्टियां समय से अद्यतन की जाएं तथा किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर उसका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेंशनधारकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कोषागार की पत्रावलियों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। अधिकांश अभिलेख एवं रजिस्टर अद्यतन एवं व्यवस्थित पाए गए। हाल में दो-तीन दिनों में की गई कार्यवाहियों से संबंधित अभिलेखों के आवश्यक अपडेशन के लिए भी निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान ऐसी कोई गंभीर कमी नहीं पाई गई, जिस पर कार्रवाई की आवश्यकता हो। उपस्थिति में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय, नंदलाल चौरसिया, आर के पांडेय, दिनेश गुप्ता सहित अन्य कार्मिक गण आदि उपस्थित रहे