एक जनपद-एक व्यंजन' योजना से मिलेगा स्वरोजगार को बढ़ावा, सुलतानपुर में पूड़ी-कोहड़े
एक जनपद-एक व्यंजन' योजना से मिलेगा स्वरोजगार को बढ़ावा, सुलतानपुर में पूड़ी-कोहड़े की सब्जी, पेड़ा, लाल पेड़ा और समोसा बनाने वालों को मिलेगा वित्तीय सहयोग* सुलतानपुर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की 'एक जनपद-एक व्यंजन वित्त पोषण सहायता योजना (ODOC)' के तहत जनपद सुलतानपुर के लिए पूड़ी एवं कोहड़े की सब्जी, पेड़ा, लाल पेड़ा और समोसा को चयनित व्यंजन घोषित किया गया है। इन व्यंजनों से जुड़े होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकानें, खाद्य निर्माण इकाइयां तथा नए उद्यमी अपने व्यवसाय की शुरुआत या विस्तार के लिए योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के अंतर्गत आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से विभागीय पोर्टल पर स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक आवेदक निर्धारित पात्रता पूरी करते हुए आवेदन कर सकते हैं। योजना में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्ति आवेदन के पात्र होंगे तथा किसी शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। साथ ही, आवेदक ने पूर्व में केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ न लिया हो। योजना के तहत परियोजना लागत के आधार पर 10 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक मार्जिन मनी (अनुदान) का प्रावधान किया गया है। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, ट्रांसजेंडर, महिला एवं दिव्यांगजन को केवल 5 प्रतिशत अंशदान जमा करना होगा। उद्यम के दो वर्ष तक सफल संचालन के बाद मार्जिन मनी को बैंक ऋण में अनुदान के रूप में समायोजित किया जाएगा। योजना से स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है। आवेदन विभागीय पोर्टल https://msme-up-gov-in पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं।