नेशनल पीजी कॉलेज बड़हलगंज में प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 2 मई से होगी शुरू

बडहलगंज।बड़हलगंज स्थित नेशनल पीजी कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 2 मई से शुरू होगी। इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें प्रवेश समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्नातक (यूजी) और परास्नातक (पीजी) प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए आवेदन 2 मई 2026 से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर महाविद्यालय से संपर्क कर प्रवेश फॉर्म प्राप्त करें और आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। स्नातक स्तर पर बी.ए. में हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, प्राचीन इतिहास, संस्कृत, अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान और दर्शन शास्त्र जैसे विषय उपलब्ध होंगे। बी.एससी. में जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित और भौतिक विज्ञान विषयों में प्रवेश मिलेगा। बी.कॉम में भी छात्र आवेदन कर सकेंगे। परास्नातक स्तर पर एम.ए. में हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान और राजनीति विज्ञान विषयों में प्रवेश दिया जाएगा। एम.एससी. में रसायन विज्ञान विषय में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। महाविद्यालय प्रशासन ने सूचित किया है कि सभी पाठ्यक्रमों में सीटें सीमित हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी पसंद के विषय में प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।