संकल्प यात्रा के अगले चरण में युवाओं के रोजगार पर होगा फोकस - प्रशांत त्रिपाठी

घघसरा (गोरखपुर)। घघसरा क्षेत्र के पाली स्थित कैंप कार्यालय पर समाजसेवी एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी ने युवा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संकल्प यात्रा के अगले चरण की रूपरेखा तय की। उन्होंने कहा कि अब अभियान का मुख्य उद्देश्य सहजनवां-गीडा औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार दिलाना है। बैठक में प्रशांत त्रिपाठी ने कहा कि सहजनवा विधानसभा के युवाओं को अपने ही गृह जनपद में रोजगार के बेहतर अवसर मिलें, इसके लिए विभिन्न उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों से लगातार संपर्क एवं वार्ता की जा रही है। उन्होंने बताया कि उद्योगों और स्थानीय युवाओं के बीच समन्वय स्थापित कर ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से रोजगार जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और स्थानीय युवाओं को इस पहल से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में संकल्प यात्रा को जनहित से जोड़कर आगे बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।