देवरिया में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया छठ

देवरिया में आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, चकियवा ढाला पर श्रद्धालुओं के स्वागत की भव्य तैयारी देवरिया। लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहर के विभिन्न छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं ने फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों को बांस के सूप और दउरा में सजाया। दोपहर बाद परिवार के सदस्यों के साथ श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। चकियवा ढाला के समीप रेलवे की जमीन पर बनाया गया छठ घाट वहीं चकियवा ढाला के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा और छठ महापर्व को भव्य रूप देने के उद्देश्य से सभासद प्रवीण यादव के साथ दिलीप कुमार, धर्मेंद्र सोनकर, संदीप पासवान एवं राधे सोनकर के सौजन्य से रेलवे की जमीन पर छठ घाट तैयार कराया गया। यहां छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य इंतजाम किए गए। घाट की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आयोजकों ने विशेष ध्यान दिया, जिससे व्रती महिलाओं और उनके परिजनों को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उधर, शहर के परमार्थी पोखरे पर भी छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। यहां करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई थी। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। सायंकाल व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।