नेक्स्ट अपडेट की न्यूज़ देवरिया, कुरीतियों से दूर रहकर समाज के उत्थान

नेक्स्ट अपडेट की न्यूज़ देवरिया, कुरीतियों से दूर रहकर समाज के उत्थान का दिया संदेश जय गुरुदेव के सतगुरुओं ने कहा—सदाचार, शाकाहार और एकता से ही मजबूत होगा समाज देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के उमा नगर में जय गुरुदेव सेवा संस्थान के तत्वावधान में आध्यात्मिक एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली से आए जय गुरुदेव संत गुरुओं ने मानव समाज में बढ़ती सामाजिक कुरीतियों और नैतिक गिरावट पर चिंता जताते हुए लोगों से एकजुट होकर सदाचार एवं संयमित जीवन अपनाने का आह्वान किया। संत गुरुओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज समाज अनेक प्रकार की कुरीतियों और बुरी आदतों से प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में लोगों को जागरूक होकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से मांस, मछली, मुर्गा, अंडा और शराब आदि के सेवन से दूर रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि सात्विक जीवन, अच्छे विचार और आपसी भाईचारा ही स्वस्थ एवं मजबूत समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता से भी होती है। सभी वर्गों के लोगों को मिल-जुलकर समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पंडाल में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक संत गुरुओं के विचारों को सुना और उनके संदेश को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। पूरा पंडाल “जय गुरुदेव” के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में संत गुरुओं ने मानव कल्याण, सदाचार, शाकाहार, नशामुक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए कहा कि व्यक्ति के जीवन में अच्छे विचार और अच्छे कर्म आएंगे तो उसका प्रभाव परिवार से लेकर पूरे समाज पर पड़ेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा। देवरिया से नेक्स्ट अपडेट की न्यूज़