देवरिया: रोडवेज बस चालक-परिचालक की सूझबूझ से बची गर्भवती की जान, मेडिकल

देवरिया: रोडवेज बस चालक-परिचालक की सूझबूझ से बची गर्भवती की जान, मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित हुआ बेटे का जन्म देवरिया। उत्तर प्रदेश रोडवेज के चालक और परिचालक की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने एक गर्भवती महिला और उसके नवजात की जिंदगी सुरक्षित कर दी। समय पर सही निर्णय लेते हुए चालक और परिचालक ने बस को सीधे देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार, लार क्षेत्र के गौरी ठाकुर गांव निवासी सपना देवी, पत्नी अजीत ठाकुर, शनिवार को रोडवेज बस से गोरखपुर जा रही थीं। बस जैसे ही सोनूघाट चौराहे के पास पहुंची, उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए बस चालक मुन्ना खान और परिचालक अजीत कुमार ने बिना समय गंवाए यात्रियों से भरी बस को सीधे देवरिया मेडिकल कॉलेज के महिला विंग पहुंचा दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही चिकित्सकों ने महिला को तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया। भर्ती होने के लगभग 15 मिनट बाद सपना देवी ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। डॉक्टरों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। बस में मौजूद यात्रियों ने चालक और परिचालक के इस मानवीय कार्य की सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि समय पर उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। कर्तव्य निभाने के बाद चालक मुन्ना खान और परिचालक अर्देश कुमार बस को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। उनकी सूझबूझ, सेवा भावना और मानवता की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है ।