Bansgaon Sandesh
Login
Devendra Pathak, Bhaluani - Deoria
Deoria१९ मिनट पहले

6 माह में दूसरी बार ट्रांसफार्मर जलाः एक सप्ताह बाद भी नहीं बदला गया, गावँ में बिजली गुल

6 माह में दूसरी बार ट्रांसफार्मर जलाः एक सप्ताह बाद भी नहीं बदला गया, गावँ में बिजली गुल

भलुअनी।बांसगांव सन्देश। देवरिया जिले के देईडीहा गांव में एक सप्ताह पहले 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। यह ट्रांसफार्मर छह माह के भीतर दूसरी बार खराब हुआ है, और एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी इसे बदला नहीं जा सका है। बरहज उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम देईडीहा में यह घटना रात करीब 10 बजे हुई। तेज धमाके के साथ लोहे के जर्जर खंभे पर लगे ट्रांसफार्मर में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर की बुशिंग से चिंगारी निकल रही थी। जर्जर तारों और उचित रखरखाव के अभाव के कारण रात में इसमें आग लग गई। गनीमत रही कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर पेड़-पौधे होने के बावजूद आग नहीं फैली। ग्रामीणों ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर को छह माह पहले ही बदला गया था, लेकिन यह इतनी जल्दी दोबारा खराब हो गया। एक सप्ताह से बिजली न होने के कारण भीषण गर्मी में ग्रामीण बेहाल हैं। पेयजल आपूर्ति ठप होने से पानी का संकट गहरा गया है। किसानों की धान की नर्सरी सूख रही है, जबकि बच्चों की पढ़ाई और दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। गांव के उपभोक्ता कृष्णनंदन उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने बरहज उपकेंद्र में कई बार कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को बदलने और पुराने जर्जर तारों की जगह केबल लगाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। बरहज उपकेंद्र के अवर अभियंता बसंत लाल ने जानकारी दी है कि जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए स्टोर को मांग भेज दी गई है। ग्रामीण योगेंद्र तिवारी, अखिलेश्वर तिवारी, हरेंद्र तिवारी और रमाशंकर कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उपकेन्द्र पर धरना प्रदर्शन करेंगे।

0 likes
0 comments0 shares