Bansgaon Sandesh
Login
V
Gazipurलगभग १ घंटा पहले

सेवा संकल्प अभियान की प्रदर्शनी में दिखी विकास और जनकल्याण की तस्वीर

सेवा संकल्प अभियान की प्रदर्शनी में दिखी विकास और जनकल्याण की तस्वीर

सेवा संकल्प अभियान की प्रदर्शनी में दिखी विकास और जनकल्याण की तस्वीर राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन, केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की दी गई जानकारी गाजीपुर। बांस गांव संदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को रायफल क्लब परिसर में सूचना विभाग की ओर से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं, परियोजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय के साथ प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया।प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं और कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है।जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा के प्रति संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। जिला पंचायत के माध्यम से आवास, शौचालय, पेयजल और रोजगार से संबंधित योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को एक स्थान पर प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी।नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि प्रदर्शनी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि आवास, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूह और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में इस तरह के आयोजन सहायक हैं।प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को दर्शाने वाले फ्लेक्स लगाए गए हैं। इनमें एयरपोर्ट विस्तार, रोजगार एवं सरकारी नौकरी, कानून-व्यवस्था, एमएसएमई इकाइयों के विस्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि क्षेत्र में उपलब्धियां, गन्ना, चीनी, एथेनॉल, आम, दूध, आलू, मटर, गेहूं, शहद सहित विभिन्न कृषि उत्पादों के उत्पादन से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल की गई।महिला सशक्तिकरण से जुड़े फ्लेक्स में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला श्रम बल भागीदारी सहित महिलाओं और बेटियों के कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य सखियों, ओडीओपी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और स्वयं सहायता समूहों से संबंधित उपलब्धियां भी प्रदर्शित की गईं।कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग पर अनुदान, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर पंप, कृषि यंत्र, मंडियों के आधुनिकीकरण, ई-नाम तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित जानकारी को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।प्रदर्शनी में काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों तथा सांस्कृतिक आयोजनों से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया। महापुरुषों के सम्मान एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं में डॉ. भीमराव आंबेडकर छात्रावास योजना, सरदार पटेल जनपदीय आर्थिक क्षेत्र योजना, महाराणा प्रताप स्मृति छावनी छात्र योजना, अटल बिहारी वाजपेयी पुस्तकालय योजना और चौधरी चरण सिंह सिटी पार्क योजना से संबंधित जानकारी शामिल रही।इसके अलावा स्वच्छ भारत अभियान, शौचालय निर्माण, निःशुल्क इलाज, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, डीबीटी के माध्यम से अनुदान भुगतान, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला सूचना अधिकारी शशि सिंह सहित अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी, सूचना विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

0 likes
0 comments1 shares