वाइब्रेटर मशीन में उतरा करंट, स्लैब डाल रहे मजदूर की दर्दनाक मौत

परिजनों में मचा कोहराम, तीन वर्षीय मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया मौदहा (हमीरपुर)। जनपद के मौदहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खंडेह गांव में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मकान की छत पर स्लैब (लेंटर) डालते समय वाइब्रेटर मशीन में करंट उतर आने से 36 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। काम के दौरान हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार खंडेह गांव निवासी शपथ कुमार (36) गांव में ही लक्ष्मण दीवाला के यहां स्लैब डालने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह वाइब्रेटर मशीन चला रहा था, तभी अचानक मशीन में तेज करंट उतर आया। करंट की चपेट में आते ही शपथ कुमार जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस हादसे की जानकारी मिलते ही मौदहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया, पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना की जांच की जा रही है। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक शपथ कुमार पांच भाइयों में चौथे नंबर का था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी इंगोहटा गांव में हुई थी और उसका तीन वर्षीय मासूम बेटा है। अचानक हुई इस घटना से पत्नी, बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।