नाली विवाद ने लिया उग्र रूप : अधिकारियों व पुलिस टीम पर

नाली विवाद ने लिया उग्र रूप : अधिकारियों व पुलिस टीम पर पथराव, गांव में तनाव जखनिया के मोलनापुर उर्फ तालगांव में निस्तारण के दौरान एक पक्ष के लोग भड़के जखनिया, गाजीपुर। जनपद के जखनिया तहसील अंतर्गत विकासखंड जखनिया स्थित ग्राम सभा मोलनापुर उर्फ तालगांव में लंबे समय से चल रहे नाली विवाद ने शनिवार को अचानक उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के निस्तारण हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस टीम गांव पहुंची थी, लेकिन बातचीत शुरू होने से पहले ही माहौल बिगड़ गया और विरोध कर रहे एक पक्ष के लोगो द्वारा अधिकारियों व पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी गई ऐतिहातन तौर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मौलाना पुर उर्फ लाल गांव गांव में एक कुशवाहा परिवार द्वारा पानी निकासी को लेकर बनाई जा रही नाली का दूसरे पक्ष, राजभर समाज के लोगों द्वारा कई दिनों से विरोध किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी जखनिया अतुल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी जखनिया शुभम वर्मा भारी पुलिस बल के साथ शुक्रवार को मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ कई थानों की फोर्स, प्रशासनिक अधिकारी तथा पंचायत विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।बताया जा रहा है कि प्रशासनिक टीम ने जैसे ही दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास शुरू किया, उसी दौरान एक पक्ष के कुछ लोग उग्र हो गए और अचानक पुलिस एवं अधिकारियों पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को अपनी जान बचाकर इधर-उधर हटना पड़ा।पथराव की घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।घटना स्थल पर उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी जखनिया, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी देर शाम तक मौजूद रहे। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है तथा मामले में उपद्रव करने वालों की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।