चौरीचौरा को 20.56 करोड़ की सड़क की सौगात विधायक ने सीएम योगी का जताया आभार

चौरीचौरा गोरखपुर। बांसगांव संदेश।चौरीचौरा क्षेत्र में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। भोपा बाजार रेलवे ओवरब्रिज से शहीद स्मारक स्थल, अशोक आयरन एंड स्टील सेलिंग मिल होते हुए चौरीचौरा-गौनर मार्ग तक सड़क निर्माण के लिए 20 करोड़ 56 लाख 42 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है।लोक निर्माण विभाग की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य सड़क निधि योजना के तहत इस सड़क के निर्माण के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। प्रस्तावित सड़क की लंबाई 1.325 किलोमीटर है। परियोजना की कुल लागत 20 करोड़ 56 लाख 42 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष के लिए दो करोड़ तीन लाख 70 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस सड़क के निर्माण से भोपा बाजार पुल से शहीद स्मारक स्थल और गौनर मार्ग की ओर आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलने के साथ ही सड़क संपर्क मजबूत होगा। लंबे समय से विकास कार्यों की अपेक्षा कर रहे क्षेत्र के लिए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चौरीचौरा क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि परियोजना पूरी होने के बाद स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा।