मौदहा तहसील में अधिवक्ताओं के लिए लाइब्रेरी का उद्घाटन, बार एसोसिएशन की सराहनीय पहल

मौदहा (हमीरपुर)। शनिवार को मौदहा तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अधिवक्ता लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। लाइब्रेरी का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे अधिवक्ताओं, विशेषकर नवागत अधिवक्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी कदम बताया। एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि यह लाइब्रेरी नए अधिवक्ताओं के लिए कानूनी जानकारी तक सरल और सुलभ पहुंच सुनिश्चित करेगी, जिससे उन्हें अध्ययन, शोध और अपने पेशेवर कौशल को निखारने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में भारत सरकार द्वारा भारतीय दंड संहिता (IPC) के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) लागू की गई है, जिसमें कई महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं। ऐसे में लाइब्रेरी में उपलब्ध नवीन कानून पुस्तकों के माध्यम से अधिवक्ता नए कानूनों और बदलावों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। तहसील परिसर में लाइब्रेरी की स्थापना से अधिवक्ताओं में उत्साह देखा गया। अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम न केवल उनके ज्ञानवर्धन में सहायक होगा, बल्कि अधिवक्ताओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार भी करेगा। इस अवसर पर भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष अतुल सिंह परिहार, अरविंद शर्मा, तहसीलदार मौदहा अजय तिवारी, भाजपा जिला प्रतिनिधि रजा मोहम्मद, नगर पंचायत मौदहा के चेयरमैन आशुतोष सिंह, कोतवाल मौदहा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष ब्रज किशोर त्रिवेदी, महामंत्री जितेंद्र प्रजापति, कोषाध्यक्ष रमाकांत प्रजापति सहित सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे।