Bansgaon Sandesh
Login
Khushboo Singh
Lucknowलगभग २२ घंटे पहले

आकांक्षी ब्लॉक की डेल्टा रैंकिंग में प्रथम स्थान पर बांसगांव, 20 सितंबर को होगा सम्मान समारोह

आकांक्षी ब्लॉक की डेल्टा रैंकिंग में प्रथम स्थान पर बांसगांव, 20 सितंबर को होगा सम्मान समारोह

बांसगांव। नीति आयोग की ओर से जारी आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की जनवरी-मार्च 2026 की डेल्टा रैंकिंग में बांसगांव विकास खंड ने उत्तरी भारत के जोन-2 में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 20 सितंबर 2026, रविवार को दोपहर 2 बजे विकास खंड परिसर बांसगांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में बांसगांव विकास खंड की इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित लोगों को सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री एवं बांसगांव सांसद कमलेश पासवान होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत बांसगांव की अध्यक्ष लालमती करेंगी। वहीं क्षेत्र पंचायत बांसगांव के प्रमुख प्रतिनिधि शिवाजी सिंह की ओर से क्षेत्रवासियों एवं संबंधित लोगों से समारोह में उपस्थित होने की अपील की गई है। नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में बांसगांव ने जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के पांच प्रमुख थीम के 39 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPI) में बेहतर प्रदर्शन किया। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार बांसगांव को इस उपलब्धि के लिए 1.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई है। इस राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत ढांचे और आजीविका से जुड़े विकास कार्यों में किए जाने की जानकारी दी गई है। बांसगांव के प्रथम स्थान प्राप्त करने से विकास खंड के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह है। सम्मान समारोह के माध्यम से इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी लोगों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

0 likes
0 comments0 shares