ईद की खुशियों से सराबोर हुआ बांसगांव क्षेत्र, गले मिलकर दी मुबारकबाद

ईद की खुशियों से सराबोर हुआ बांसगांव क्षेत्र, गले मिलकर दी मुबारकबाद बांसगांव, गोरखपुर बांसगांव संदेश। बांसगांव क्षेत्र में ईद का पर्व हर्षोल्लास, भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में मनाया गया। सुबह होते ही क्षेत्र की मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, चैन व तरक्की की दुआ मांगी। त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही और लोग बेफिक्र होकर त्योहार का आनंद लेते दिखाई दिए। बांसगांव क्षेत्र के बढ़ावन मस्जिद पर ईद का विशेष उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए एक-दूसरे को गले लगाया और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं। वहीं बांसगांव वार्ड नंबर 2 निवासी मजहर आलम ने बच्चों के बीच ईदी बांटकर त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया। उन्होंने मोहल्ले के बच्चों को लिफाफे वितरित किए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे क्षेत्र में दिनभर लोग एक-दूसरे के घर जाकर बधाई देते रहे और मिठाइयों का आदान-प्रदान करते रहे। इस तरह बांसगांव क्षेत्र में ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।