बांसगांव संदेश बरहज, किसान दिवस में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, अधिकारियों को त्वरित

किसान दिवस में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए गए निर्देश देवरिया, 19 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने उप कृषि निदेशक को किसानों की सभी शिकायतें दर्ज कराते हुए संबंधित विभागों से उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। गत माह मझवलिया साधन सहकारी समिति में खाद एवं बीज के स्थान पर गिट्टी, बालू एवं सीमेंट रखे जाने की शिकायत पर गोदाम खाली कराने की कार्रवाई न किए जाने पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी समितियां को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि खतौनी में नाम में वर्तनी संबंधी त्रुटि होने पर किसान संबंधित तहसील में संपर्क कर संशोधन करा सकते हैं। इसके बाद फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी पूरी की जा सकेगी। किसान रमेश मिश्रा द्वारा भूमि के अंश निर्धारण में त्रुटि की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने उन्हें खतौनी के साथ तहसील में संपर्क करने अथवा कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि समस्या का समाधान कराया जा सके। उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने गत माह किसान दिवस में प्राप्त आठ शिकायतों के अनुपालन की जानकारी किसानों को दी। माहीगंज साधन सहकारी समिति में खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने की शिकायत पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी समितियां ने बताया कि समिति का ऋण स्वीकृत नहीं होने के कारण उर्वरक की आपूर्ति नहीं हो सकी। आगामी रबी सीजन तक ऋण स्वीकृत कराकर उर्वरक उपलब्ध कराने की बात कही गई। घरेलू विद्युत कनेक्शन पर अधिक बिल आने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि स्मार्ट मीटर बदलने की कोई अलग योजना नहीं है। उपभोक्ता की शिकायत पर मीटर की जांच कराई जाएगी और मीटर में खराबी पाए जाने पर उसे स्मार्ट मीटर से ही बदला जाएगा। उप कृषि निदेशक ने कृषि विभाग की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। अपर जिला कृषि अधिकारी अंबरीश मिश्रा ने बताया कि रबी फसलों के लिए बीजों की प्री-बुकिंग शुरू हो गई है। किसान कृषि विभाग की वेबसाइट पर जाकर बीजों की बुकिंग करा सकते हैं। अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास सिंह ने धान की फसल में रोग एवं सड़न की समस्या से बचाव के लिए किसानों को आवश्यक कृषि रक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने फसल की स्थिति के अनुसार अनुमोदित कृषि रक्षा रसायनों के प्रयोग की सलाह दी तथा किसानों से फसल की नियमित निगरानी करने का आह्वान किया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री योजना संचालित है। योजना के तहत लाभार्थियों को 50 चूजे, 900 रुपये तथा एक बोरी राशन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने पशुधन बीमा योजना की भी जानकारी दी। जिला मत्स्य अधिकारी ने मत्स्य पालकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, सघन मत्स्य पालन के लिए एयरेशन सिस्टम की स्थापना, मोती संवर्धन योजना एवं विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य बीज हैचरी जैसी योजनाएं संचालित हैं। इच्छुक मत्स्य पालक पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला मत्स्य अधिकारी, अधिशासी अभियंता नहर, सहायक अभियंता नलकूप, अधिशासी अभियंता विद्युत, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रभारी भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रभारी जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारी समितियां, प्रबंधक दुग्ध उत्पादक संघ, जिला समन्वयक एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन के राघवेंद्र प्रताप शाही, अतुल मिश्रा, कौशलेश नाथ मिश्र, प्रगतिशील कृषक रमेश मिश्रा, सत्याग्रहण सरोज, सदानंद यादव सहित कृषक उपस्थित रहे।