सिकरीगंज में बड़ी कार्रवाई: न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल का लाइसेंस रद्द, मोतियाबिंद कैंप बना संक्रमण का कारण

सिकरीगंज/बांसगांव। सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल का लाइसेंस स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को निरस्त कर दिया। यह सख्त कदम मोतियाबिंद सर्जरी कैंप के बाद फैले संक्रमण और जिलाधिकारी द्वारा कराई गई मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया। जांच में ऑपरेशन थिएटर में मानकों के अनुरूप सुविधाएं नहीं पाई गईं और बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। जानकारी के अनुसार 1 फरवरी को आयोजित मोतियाबिंद कैंप में 30 मरीजों की सर्जरी की गई थी, जिनमें अधिकांश आयुष्मान कार्ड लाभार्थी थे। ऑपरेशन के दो दिन बाद ही मरीजों की आंखों में संक्रमण के मामले सामने आने लगे। अब तक 17 मरीज संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव भेजा था। मंजूरी मिलते ही शनिवार को औपचारिक घोषणा कर दी गई। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा और अब यह संस्थान किसी भी प्रकार की चिकित्सीय गतिविधि संचालित नहीं करेगा।