सुल्तानपुर में प्रशासनिक बड़ा फेरबदल: तीन तहसीलदारों का तबादला, तीन नए अधिकारियों
सुल्तानपुर में प्रशासनिक बड़ा फेरबदल: तीन तहसीलदारों का तबादला, तीन नए अधिकारियों की तैनाती सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार को प्रदेशभर के तहसीलदारों के तबादलों की सूची जारी कर दी। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का असर सुल्तानपुर जिले पर भी पड़ा है। शासन ने जिले के तीन तहसीलदारों का स्थानांतरण करते हुए उनके स्थान पर तीन नए तहसीलदारों की तैनाती की है। जारी आदेश के अनुसार बृजेश कुमार सिंह का तबादला वाराणसी, अरविन्द कुमार तिवारी का यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर तथा देवानन्द तिवारी का फिरोजाबाद किया गया है। वहीं सुल्तानपुर में बलिया से निखिल शुक्ल, बिजनौर से आलोक कटियार और अम्बेडकरनगर से निखिलेश कुमार को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अधिकारियों के जल्द ही कार्यभार ग्रहण करने की संभावना है। प्रदेश स्तर पर जारी तबादला सूची को राजस्व प्रशासन में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। सुल्तानपुर में नए अधिकारियों की तैनाती से विभिन्न तहसीलों की प्रशासनिक व्यवस्था में नई कार्यशैली और गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।