Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

रंदौली उर्फ मठिया के पूर्व प्रधान रामजतन त्रिपाठी का निधन, गांव में शोक की लहर

रंदौली उर्फ मठिया के पूर्व प्रधान रामजतन त्रिपाठी का निधन, गांव में शोक की लहर

पाली, गोरखपुर। पाली ब्लॉक अंतर्गत रंदौली उर्फ मठिया गांव के पूर्व ग्राम प्रधान रामजतन त्रिपाठी का सोमवार शाम करीब पांच बजे निधन हो गया। उन्होंने गोरखपुर एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। बताया जाता है कि रामजतन त्रिपाठी बड़े ही सरल, मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। गांव के लोग उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखते थे। उनके दरवाजे पर हमेशा लोगों की भीड़ लगी रहती थी और वह हर किसी की मदद के लिए तत्पर रहते थे। पूर्व प्रधान रामजतन त्रिपाठी की उम्र 82 वर्ष थी। वह गांव के सम्मानित और लोकप्रिय व्यक्तित्वों में गिने जाते थे। सामाजिक कार्यों और गांव के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका को लोग आज भी याद कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार सनातन धर्मानुसार मंगलवार सुबह भरपही स्थित आमी नदी के तट पर किया जाएगा। मुखाग्नि उनके पुत्र आनंद त्रिपाठी देंगे। स्वर्गीय रामजतन त्रिपाठी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में एक पुत्र और तीन बेटियां हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा शुभचिंतकों और ग्रामीणों का घर पर तांता लगा हुआ है।

0 likes
0 comments0 shares