कौड़ीराम में पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड

कौड़ीराम में पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण भाजपा के वरिष्ठ नेता महन्थ सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, रसोइयों के योगदान को सराहा कौड़ीराम, गोरखपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र कौड़ीराम में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों द्वारा आयोजित पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों और संबंधित विभागीय अधिकारियों ने सहभागिता की। भाजपा के वरिष्ठ नेता महन्थ सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रसोइया बहनों को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण, मेहनत और सेवा भावना की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि पीएम पोषण योजना के माध्यम से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ये रसोइया मातृशक्ति विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने के साथ ही उनके स्वास्थ्य और पोषण की देखभाल में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इस अवसर पर क्षेत्र की रसोइया बहनों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उनके उज्ज्वल, सुखद और सुरक्षित भविष्य की कामना की गई। कैशलेस चिकित्सा कार्ड की सुविधा को भी रसोइयों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि सरकार की ओर से श्रमिक एवं सेवा से जुड़े वर्गों के हित में किए जा रहे ऐसे प्रयासों से उन्हें सामाजिक सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा और सरकार की योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता महन्थ सिंह ने कहा कि रसोइया बहनें विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके योगदान को सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में संजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष भाजपा गोरखपुर, खंड शिक्षा अधिकारी कौड़ीराम, खंड शिक्षा अधिकारी गगहा सहित शिक्षा विभाग के कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में रसोइया बहन-माताएं उपस्थित रहीं। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।