बांसगांव में भूमि विवाद: विश्वनाथ पुत्र हरिहर पर भाई गौरीशंकर की जमीन पर अवैध कब्जा व निर्माण का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई गुहार

बांसगांव, बांसगांव संदेश।नगर पंचायत बांसगांव के वार्ड संख्या 8 में पारिवारिक भूमि विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। गौरीशंकर पुत्र हरिहर ने अपने सगे भाई विश्वनाथ पुत्र हरिहर पर पैतृक संपत्ति में अवैध कब्जा कर जबरन निर्माण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में जिलाधिकारी गोरखपुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। पीड़ित के अनुसार वर्ष 1990 में पारिवारिक समझौते के तहत संपत्ति का बंटवारा हो चुका था, जिसमें उसे 1/3 हिस्सा प्राप्त हुआ था। आरोप है कि इसके बावजूद विश्वनाथ द्वारा समझौते का उल्लंघन करते हुए पीड़ित के हिस्से की जमीन पर कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। मामले की शिकायत पूर्व में उपजिलाधिकारी बांसगांव से भी की गई थी, जहां जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि बताई गई। पीड़ित ने प्रशासन से अवैध निर्माण गिरवाकर अपने हिस्से का कब्जा दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।