जनगणना-2027: 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना कर राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनें: डीएम

जनगणना-2027: 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना कर राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनें: डीएम 16 नवंबर से शुरू हुई स्वगणना प्रक्रिया, परिवार से संबंधित करीब 40 सवालों के देने होंगे जवाब; प्रगणकों को उपलब्ध करानी होगी स्वगणना आईडी गाजीपुर। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने तथा परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज करें।जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना के दौरान परिवार से संबंधित सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं पर आधारित लगभग 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी आवश्यक जानकारियां भरने के बाद एक स्वगणना पहचान संख्या (एसई आईडी) जनरेट होगी। इसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है, क्योंकि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 के बीच घर-घर जनगणना करने पहुंचने वाले प्रगणकों को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए मुख्य रूप से शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।जिलाधिकारी ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर ली है। उन्होंने जनपदवासियों से निर्धारित समयावधि में अपनी स्वगणना पूरी करने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की सामाजिक एवं आर्थिक नीतियों के निर्माण तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अहम योगदान देगी।