डीहा गंगा घाट पर पितरों को दी गई विदाई, श्रद्धालुओं ने किया

डीहा गंगा घाट पर पितरों को दी गई विदाई, श्रद्धालुओं ने किया तर्पण और पिंडदान जिला पंचायत सदस्य डॉ. विजय बाबू यादव ने घाट पर लगे बालों के ढेर को साफ कराया करछना क्षेत्र के डीहा गंगा घाट पर पितृ विसर्जन के अवसर पर शनिवार को श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से अपने पितरों का तर्पण और पिंडदान किया। इस दौरान लोगों ने पूर्वजों को याद कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पिपरांव, मझुआ, जगदीशपुर, बसही, लोहारी और बबुरा समेत दर्जनों गांवों से श्रद्धालु गंगा घाट पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान किए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृपक्ष में पूर्वजों का श्राद्ध और तर्पण करने से उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया जाता है। पितृ विसर्जन के साथ ही पितृपक्ष का समापन हो गया। इस दौरान कई लोगों ने जरूरतमंदों को भोजन कराया और दान देकर पुण्य अर्जित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य डॉ. विजय बाबू यादव भी डीहा गंगा घाट पहुंचे। उन्होंने घाट पर मुंडन और दाढ़ी बनवाने के बाद एकत्र हुए बालों के ढेर को देखा। इसके बाद उन्होंने विगत वर्षों की भांति सफाईकर्मी को बुलाकर अपनी मौजूदगी में घाट की सफाई कराई, ताकि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और परिसर स्वच्छ बना रहे। इस दौरान देवेंद्र सिंह, एडवोकेट पंकज सिंह, सनी सिंह, मुकुंद सिंह, विशाल सिंह, विकास सिंह, अनिल यादव, ओम सिंह, अभिराम यादव, ऋषि सिंह और अन्नू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। रिपोर्टर आदित्य कुमार